देहरादून। रजनी रावत (राज्यमंत्री, समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड सरकार) ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों का परिचय देते हुए प्रेमनगर निवासी शुभम गुरूंग के उपचार के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता प्रदान की। शुभम गुरूंग वर्तमान में गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, उनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं और चिकित्सकों द्वारा शीघ्र किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी गई है।
इस गंभीर परिस्थिति को देखते हुए राज्यमंत्री रजनी रावत ने तत्परता दिखाते हुए किडनी ट्रांसप्लांट के लिए ₹1,01,000 (एक लाख एक हजार रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनकी इस पहल से न केवल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहारा मिला है, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का एक सकारात्मक संदेश भी गया है।
राज्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन से अपील की कि वे आगे आकर शुभम गुरूंग की मदद करें, ताकि उनका उपचार समय पर हो सके और उनका जीवन बचाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के साथ हमेशा खड़ी है और ऐसे मामलों में हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने अपनी कुलदेवी बहुचरा मुर्गे वाली माता से प्रार्थना करते हुए शुभम गुरूंग के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना की।
यह पहल समाज में सहयोग, करुणा और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

